दिल्ली, सोनू कुमार : सरकार देश में पेट्रोलियम उत्पादों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। पश्चिम एशिया संघर्ष पर आज नई दिल्ली में आयोजित अंतरमंत्रालयी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में एलपीजी का उत्पादन बढ़ाकर 50 हजार टन प्रतिदिन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि देश में पिछले चार दिनों में लगभग 1.72 करोड़ घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए हैं। सुश्री शर्मा कहा कि इस महीने की शुरुआत से अब तक लगभग 1.56 लाख टन व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई है, जबकि पिछले चार दिनों में 24 हजार टन से अधिक व्यावसायिक एलपीजी की बिक्री हुई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास प्रवासी भारतीयों के कुशल मंगल के लिए लगातार उनके संपर्क में हैं। श्री जायसवाल ने कहा कि मंत्रालय खाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में मौजूद अपने नाविक समुदाय को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
उर्वरक विभाग की अपर सचिव अपर्णा शर्मा ने बताया कि देश में उर्वरकों का भंडार संतोषजनक बना हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि 3.90 करोड मीट्रिक टन से अधिक के वार्षिक आकलन के मुकाबले वर्तमान में उपलब्ध भंडार 2 करोड मीट्रिक टन से अधिक है। अपर सचिव ने बताया कि कच्चे माल और तैयार उर्वरकों की उपलब्धता की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। उन्होंने समग्र स्थिति को स्थिर और सुव्यवस्थित बताया।
