नई दिल्ली, आशीष रंजन : महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय शिक्षण केंद्र, नॉन-कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड का वार्षिकोत्सव रविवार को उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों, प्रिंसिपल और शिक्षक प्रभारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं की सरस्वती वंदना से हुआ।
मुख्य बिंदु:
मुख्य अतिथि DD इंडिया की वरिष्ठ सलाहकार संपादक सकल भट्ट का महाविद्यालय परिवार ने स्वागत किया। सकल भट्ट, शिक्षक प्रभारी पुनीता अग्रवाल, DUTA कोषाध्यक्ष आकांक्षा खुराना और तेज नारायण ओझा ने महाविद्यालय की द्विभाषिक पत्रिका ‘अग्रजा’ के चौथे अंक का विमोचन किया।
शिक्षक प्रभारी पुनीता अग्रवाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि BA की छात्राओं ने 94% और BCom की छात्राओं ने 92% परीक्षा परिणाम प्राप्त किया है। उन्होंने 10 मई ‘मातृशक्ति दिवस’ पर छात्राओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व भी है।
मुख्य अतिथि सकल भट्ट ने छात्राओं को करियर और आत्मनिर्भरता पर प्रेरणादायी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
प्राचार्य प्रो. संजीव तिवारी ने छात्राओं को अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वरिष्ठ शिक्षक तेज सिंह ओझा ने 1857 के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए शिक्षा, संस्कार और अनुशासन पर प्रकाश डाला।
वार्षिकोत्सव में शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। समापन विश्वविद्यालय कुलगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
