फुलवारीशरीफ, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में दर्ज लूट कांड के एक फरार आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद उर्फ नंदू उर्फ मामू के रूप में हुई है. वह विजेंद्र यादव का पुत्र और धनरूआ थाना क्षेत्र के काशीचक गांव का रहने वाला बताया जाता है. पुलिस के अनुसार आरोपी गौरीचक थाना कांड संख्या 492/19, दिनांक 31 दिसंबर 2019 में दर्ज लूट मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त था. उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 394 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. कई बार छापेमारी के बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बाहर था. हाल के दिनों में उसके इलाके में सक्रिय होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। बताया जाता है कि आरोपी इलाके में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरारी काट रहा था. पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में था और किसी अन्य वारदात में उसकी भूमिका रही है या नहीं। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
