अररिया(रंजीत ठाकुर): स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भरगामा सीएचसी में टेली मेडिसीन केंद्र स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण सहयोगी संस्था पिरामल स्वास्थ्य द्वारा स्थापित इस टेलीमेडिसीन केंद्र का विधिवत उद्घाटन शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों ने सामूहिक रूप से किया। भरगामा सीएचसी में टेलीमेडिसीन केंद्र का संचालन शुरू होने से प्रखंडवासियों को चिकित्सकीय जांच व परामर्श संबंधी बेहतर सेवाएं आसानी से उपलब्ध होगी। गौरतलब है कि पिरामल स्वास्थ्य द्वारा टेली मेडिसीन केंद्र के संचालन को लेकर राज्य के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का चयन किया गया है। इसमें भरगामा सीएचसी भी शामिल है। इसके अतिरिक्त कटिहार जिला अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरारी में टेली मेडिसीन केंद्र का संचालन पूर्व में शुरू किया जा चुका है। केंद्र के उद्घाटन के मौके पर पिरामल स्वास्थ्य के डिस्टिक लीड संजीव कुमार, डीपीएल संजय कुमार झा, भरगामा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संतोष कुमार, बीएचएम शैलेंद्र कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
टेलीमेडिसीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर व प्रभावी में बनाने में मददगार :
केंद्र का उद्घाटन करते हुए सिविल सर्जन डॉ विधानचंद्र सिंह ने कहा कि टेलीमेडिसीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर व प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण जरिया है। सीएचसी में केंद्र का संचालन शुरू होने से गर्भवती महिलाएं, शिशु व सामान्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को ऑनलाइन तरीके से बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा। केंद्र के माध्यम से रोगी रांची के विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे जुट सकेंगे। उनके द्वारा रोगियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाते हुए उनका परीक्षण व परामर्श नि:शुल्क उपल्ब्ध कराया जायेगा। समुचित जांच के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोगियों को नि:शुल्क दवा उपलब्ध करायी जायेगी।
आसानी से प्राप्त हो सकेगी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह व सुझाव :
केंद्र के संचालन संबंधी जानकारी देते हुए पिरामल स्वास्थ्य के डिस्टिक लीड संजीव कुमार ने बताया कि लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराना केंद्र का मुख्य उद्देश्य है। टेली मेडिसीन सेवाओं के जरिये प्रसव संबंधी जटिल मामलों का निष्पादन विशेष प्रसूति रोग विशेषज्ञ के माध्यम से संभव हो सकेगा। इसी तरह बच्चे व व्यस्कों में होने वाली सामान्य बीमारियों के लिये भी विशेषज्ञ चिकित्सकों का महत्वपूर्ण सलाह व सुझाव लोगों को आसानी से प्राप्त हो सकेगा। डीपीएल संजय कुमार झा ने जानकारी देते हुए कहा कि टेली मेडिसीन केंद्र के सभी आवश्यक संसाधन, उपकरण पिरामल स्वास्थ्य द्वारा उपलब्ध कराया गया है। साथ ही विशेषज्ञ एएनएम केंद्र के सफल संचालन के लिये उपलब्ध कराया गया है। इसका संचालन शुरू होने से क्षेत्र में विभिन्न रोग से ग्रस्त मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा सुलभ हो सकेगी।
