फुलवारीशरीफ, अजित। बेउर थाना क्षेत्र के सिपारा बथानी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं प्रारंभिक सूचना में पति से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार मृतका निशा देवी (20 वर्ष) गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के न्यू यारपुर जनता रोड यादव लेन निवासी भोला राय की पुत्री थी. उसकी शादी सिपारा बथानी निवासी संतोष कुमार (25 वर्ष), पिता विजेंद्र राय के साथ हुई थी. बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि निशा कुमारी ने पति से विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। इधर मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही निशा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों का आरोप है कि शादी के समय अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार और दहेज की मांग की जा रही थी.
मांग पूरी नहीं होने पर निशा के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. मृतका के परिवार वालों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले में आत्महत्या और दहेज हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
