फुलवारीशरीफ, अजित। बिहार इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के घोषित परिणाम में फुलवारी शरीफ की सुमईया रज़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने स्कूल इस्लामिया +2 इंटर स्कूल में टॉप-4 में जगह बनाई है। पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र के प्रदेश सचिव संगठन प्रभारी मो. फारूक रज़ा उर्फ डब्लू की पुत्री सुमईया रज़ा ने आर्ट्स संकाय में 410 अंक प्राप्त कर करीब 82 प्रतिशत अंकों के साथ सफलता हासिल की. स्कूल के 187 छात्रों में उन्होंने शीर्ष स्थानों में अपनी जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नोहसा, फुलवारी शरीफ निवासी सुमईया रज़ा ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के जरिए की. शुरुआती शिक्षा घर से लेने के बाद उन्होंने इस्लामिया स्कूल में नामांकन कराया और लगातार मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की.
अपनी उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। सुमईया ने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर जज बनना है. उन्होंने कहा कि अगर इंसान पूरी लगन और ईमानदारी से मेहनत करे तो सफलता जरूर मिलती है. “हमें कर्म पर विश्वास करना चाहिए और फल की चिंता भगवान पर छोड़ देनी चाहिए,” उन्होंने कहा.
सुमईया की इस सफलता से उनके परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है. लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
