फुलवारीशरीफ, अजीत। भीषण गर्मी और लू से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच द्वारा नुक्कड़ नाटक की श्रृंखला के तहत वाल्मी, फुलवारी शरीफ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महेश चौधरी द्वारा लिखित एवं मिथिलेश कुमार पांडे निर्देशित नुक्कड़ नाटक “गर्मी से सतर्क और सुरक्षित रहें” का प्रभावशाली मंचन किया गया।
नाटक के माध्यम से कलाकारों ने आम लोगों को भीषण गर्मी और लू के खतरे से बचाव के उपायों की जानकारी दी. कलाकारों ने संदेश दिया कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें. लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनने तथा सिर को गमछा या टोपी से ढंककर रखने की सलाह दी गई।
नाटक में यह भी बताया गया कि खाली पांव धूप में नहीं चलना चाहिए तथा हल्का और पौष्टिक भोजन करना चाहिए. गर्मी के मौसम में तरबूजा, खीरा, ककड़ी, नींबू और संतरा जैसे फलों का सेवन लाभदायक बताया गया. वहीं लस्सी, छाछ, नींबू पानी, नमक-चीनी का घोल और आम का पन्ना नियमित रूप से पीने की अपील की गई। कलाकारों ने बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी. नाटक में लू लगने के लक्षणों जैसे बेहोशी, चक्कर आना, उल्टी, सिर दर्द, अत्यधिक प्यास लगना और तेज धड़कन होने पर तुरंत डॉक्टर के पास ले जाने का संदेश दिया गया। इस नुक्कड़ नाटक में महेश चौधरी, करण, रंजन, पूजा कुमारी, अनुष्का, रानी, सरोज, दिव्यांशी, पनमीर, मो. रिजवान एवं मो. शोएब कुरैशी ने अभिनय कर लोगों को जागरूक किया।
