बिहार

पोखरिया में SSB ने लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, 166 पशुओं की हुई स्वास्थ्य जांच

अररिया, रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा से सटे जीवंत गांव पोखरिया में शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी बथनाहा की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कमांडेंट/द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर में सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के द्वितीय कमान अधिकारी (पशु चिकित्सा) डॉ. घनश्याम पटेल ने पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर पशुपालकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, 56वीं वाहिनी की पशु चिकित्सा शाखा के कर्मियों द्वारा पशुपालकों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

इस दौरान कुल 32 सीमावर्ती पशुपालकों के 166 पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों ने बढ़ती ठंड को देखते हुए पशुओं को विभिन्न मौसमी बीमारियों से बचाने, खानपान और उचित देखभाल के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस कल्याणकारी पहल से स्थानीय पशुपालकों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने SSB के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों में इस तरह के शिविर से पशुपालकों को काफी राहत मिलती है। मौके पर ‘ई’ समवाय कुशमाहा के प्रभारी निरीक्षक (सामान्य) जवाहरलाल बोरो सहित वाहिनी के 12 अन्य जवान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।

Related posts

ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस की कार्रवाई, स्मैक और बाइक के साथ युवक गिरफ्तार!

पटना यातायात पुलिस का ‘लाइन डे’ आयोजित, पुलिसकर्मियों की समस्याओं और विभागीय मामलों की हुई समीक्षा

लोक आस्था के महापर्व छठ की नहाय-खाय के साथ शुरुआत, चार दिनों तक सूर्योपासना में लीन रहेंगे श्रद्धालु