पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दीघा घाट, पाटी पुल घाट, गायघाट, भद्रघाट सहित अन्य घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सांसद ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान पटना सिटी एवं पटना सदर के एसडीओ, नगर निगम के पदाधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद रविशंकर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पहले अर्घ्य के बाद घाटों की स्थिति का दोबारा निरीक्षण करने और जहां आवश्यकता हो, वहां बालू की बोरियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि घाट सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बने रहें।
उन्होंने विशेष रूप से डूब क्षेत्र को चिह्नित कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं सतर्कता बरतने पर जोर दिया। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इस महापर्व में लाखों श्रद्धालु अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अंत में उन्होंने सभी छठ व्रतियों को नमन करते हुए छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
