पटना, अजित। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पटना का मैदान शुक्रवार को खिलाड़ियों के जोश और तालियों की गूंज से जीवंत हो उठा, जब तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक मीट का रंगारंग आगाज हुआ. ट्रैक से लेकर फील्ड तक, हर कोना खेल भावना और प्रतिस्पर्धा की ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
खेल महोत्सव का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डी.के. मल्लिक ने किया. इस मौके पर डॉ. अनिश, डॉ. एस.एस. यादव, खेल समिति के सदस्य और कई प्राध्यापक मौजूद रहे. जैसे ही रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए, वैसे ही खिलाड़ियों के सपनों ने भी उड़ान भर ली। उद्घाटन के बाद अनुशासित मार्च-पास्ट ने समारोह में चार चांद लगा दिए. कदमताल की एक-एक थाप ने यह संदेश दिया कि जीत से पहले अनुशासन जरूरी है. इसके बाद मैदान असली मुकाबलों के लिए तैयार हो गया। पहले दिन की स्पर्धाओं में 100 मीटर दौड़ ने सबसे ज्यादा रोमांच पैदा किया. बालक और बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने पूरी ताकत झोंक दी. ट्रिपल जंप और शॉटपुट में भी दमखम देखने को मिला, जहां हर प्रयास के साथ दर्शकों की सांसें थमती और तालियां गूंज उठती रहीं।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए निदेशक डी.के. मल्लिक ने कहा कि खेल जीवन को दिशा देते हैं. ये सिर्फ शरीर को नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं. उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना को सर्वोपरि रखने की अपील की। दिन भर मैदान में उत्साह का माहौल बना रहा. छात्र, शिक्षक और स्टाफ की मौजूदगी ने आयोजन को और जीवंत कर दिया. अब सबकी नजरें अगले दो दिनों पर टिकी हैं, जहां और तेज रफ्तार, ऊंची छलांग और कड़े मुकाबले एथलेटिक मीट के रोमांच को नई ऊंचाई देंगे।
