आरा (भोजपुर), (न्यूज़ क्राइम 24) संत रविदास जनसेवा संगठन एवं टीम मदर टेरेसा सेवाकर्मी, भोजपुर-आरा के संस्थापक महासचिव सह समाजसेवी अमरदीप कुमार जय की पहल से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ, भटकी हुई, असहाय एवं लावारिस बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों से मिलवाकर सकुशल उनके हवाले किया गया। इस नेक कार्य में उनकी टीम के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समाजसेवी अमरदीप कुमार जय ने बताया कि दीपावली एवं धनतेरस के अवसर पर 5 नवंबर की रात गड़हनी (अगिआंव) थाना क्षेत्र से पुलिस के माध्यम से यह बुजुर्ग महिला उनके संपर्क में आई थी। इसके बाद महिला को आरा स्थित महाराणा प्रताप नगर के मदर टेरेसा सेवा केंद्र में सुरक्षित रखा गया तथा उसकी पहचान एवं परिजनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए गए। काफी प्रयासों के बाद आखिरकार महिला के परिवार का पता चल गया और उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।
महिला की पहचान श्रीमती हरमुनी देवी, पति सियाधर सिंह, निवासी ग्राम गरहा, पोस्ट असनी, थाना उदवंतनगर, विधानसभा क्षेत्र संदेश, जिला भोजपुर के रूप में हुई। महिला के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, एक छोटे बेटे को छोड़कर अन्य सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।
महिला को लंबे समय बाद अपने परिवार के बीच देखकर वहां मौजूद लोगों का माहौल बेहद भावुक हो गया। महिला के बेटे, भतीजे, गोतनी एवं पड़ोसी उसे लेने पहुंचे थे। जैसे ही परिवार के सदस्यों का महिला से मिलन हुआ, दोनों तरफ से खुशी और भावुकता के आंसू छलक पड़े। परिजनों की सिसकियों और रोने की आवाज से वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। काफी भावुक माहौल के बीच महिला को सकुशल परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।इस खबर को प्रकाशित न्यूज क्राइम 24 का और संस्था के सहोग द्वारा असर दिखा जो जो अपने परिवार से मिले
गौरतलब है कि अमरदीप कुमार जय वर्ष 2017 से बिना किसी सरकारी अनुदान, वित्तीय लाभ अथवा जिला प्रशासन से आर्थिक सहयोग लिए निस्वार्थ भाव से सामाजिक सेवा के कार्यों में जुटे हैं। उनका संगठन लावारिस, असहाय, पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ अज्ञात शवों का उनके धर्म के अनुसार अंतिम संस्कार एवं मोक्ष दिलाने की दिशा में भी लगातार कार्य करता आ रहा है। समाजसेवी जय वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में आरा एवं जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी चुनाव लड़ चुके हैं।
परिजनों के व्यवहार से जताई निराशा
महिला को उसके परिवार से मिलवाने के बाद समाजसेवी अमरदीप कुमार जय ने परिजनों के व्यवहार को लेकर अपनी निराशा भी व्यक्त की। उनका कहना था कि महिला को सकुशल वापस ले जाने के दौरान परिवार की ओर से संस्था के सदस्यों के प्रति अपेक्षित आभार या धन्यवाद तक व्यक्त नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला की खोजबीन, देखभाल एवं सुरक्षित रखने में संस्था की ओर से समय, मेहनत और आर्थिक संसाधन खर्च किए गए।
जय के अनुसार, संस्था को किसी आर्थिक सहयोग की अपेक्षा अनिवार्य रूप से नहीं थी, लेकिन परिजनों की ओर से कम से कम धन्यवाद देना, सेवा कार्यों की सराहना करना अथवा आशीर्वाद के रूप में प्रोत्साहन देना मानवीय संवेदना का परिचायक होता। उन्होंने कहा कि यदि परिवार आर्थिक रूप से सहयोग करने में सक्षम नहीं था, तो अपनी असमर्थता भी व्यक्त कर सकता था।
उन्होंने बताया कि संस्था वर्ष 2017 से बिना किसी स्वार्थ, लोभ-लालच या आर्थिक लाभ की अपेक्षा के मानव सेवा के अभियान में जुटी हुई है। उनका उद्देश्य केवल असहाय और पीड़ित लोगों की जान बचाना, बिछड़े हुए लोगों को उनके परिवारों से मिलाना तथा अज्ञात शवों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दिलाना है।
समाजसेवी अमरदीप कुमार जय ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। बिना किसी लाभ-हानि की चिंता किए संस्था आगे भी जरूरतमंदों की सहायता और मानवता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपना अभियान जारी रखेगी।
