अररिया, रंजीत ठाकुर। घूरना थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक युवक को 107.7 लीटर नेपाली ‘दिलवाले’ ब्रांड शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिथुन कुमार (26 वर्ष), पिता दिगंबर यादव, निवासी महेशपट्टी, थाना घूरना, जिला अररिया के रूप में हुई है। वह एक हीरो मोटरसाइकिल पर शराब की खेप लेकर जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की जांच की, जिसमें कुल 107.7 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशीले एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। किसी भी सूरत में शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
