बिहार

रास्ते के विवाद में चली गोली : दो किशोर घायल, एक की हालत गंभीर

फुलवारीशरीफ, अजीत। गौरीचक थाना क्षेत्र के अलावलपुर पियरिया गांव में गुरुवार को रास्ते को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने पिस्तौल से गोली चला दी. गोली लगने से दो किशोर घायल हो गए. घटना कालिका उच्च विद्यालय के मैदान के पास हुई. गोली चलने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. एक घायल की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

घायलों की पहचान चंडासी निवासी भूटाली के 17 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार और शैलेश कुमार के 17 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गोली चलाने का आरोप पियरिया निवासी सूरजभान सिंह पर है. घटना के बाद वह अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि सुमित और आदित्य चंडासी के रहने वाले हैं, जबकि सूरजभान पियरिया गांव का निवासी है. तीनों के एक ही स्कूल में पढ़ने की बात सामने आई है. पिछले कुछ दिनों से सुमित और सूरजभान के बीच रास्ते को लेकर विवाद और तनातनी चल रही थी. गुरुवार को सूरजभान अपने कुछ साथियों के साथ मोटरसाइकिल से कालिका उच्च विद्यालय के मैदान के पास पहुंचा. वहां सुमित से उसकी कहासुनी होने लगी. इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान सूरजभान ने कमर से पिस्तौल निकालकर सुमित को निशाना बनाते हुए गोली चला दी. गोली सुमित के सीने को छेदते हुए पीछे खड़े आदित्य के हाथ में जा लगी. गोली लगते ही दोनों किशोर घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद सूरजभान अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।

पटना सिटी सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रास्ते को लेकर आपसी विवाद में गोलीबारी की बात सामने आई है. गोली चलाने वाले युवक सूरजभान सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी वजह और गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार के संबंध में जानकारी स्पष्ट हो सकेगी.पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवीसी कैमरों के फुटेज का अवलोकन करते हुए घटना की जांच एवं अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा दोनों घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया.एफ एस एल टीम के सहयोग से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।

Related posts

मिट्टी खुदाई के दौरान खेत से निकली भगवान विष्णु की प्रतिमा, पूजा-अर्चना को उमड़े ग्रामीण

विश्व दृष्टि दिवस पर एम्स पटना की बड़ी उपलब्धि, 100वां कॉर्नियल ट्रांसप्लांट पूरा

चार मंजिला मकान की छत से गिरकर महिला की मौत, आत्महत्या या हादसा जांच के बाद होगा स्पष्ट

error: