शेखपुरा, उमेश कुमार : अरियरी प्रखंड में सरकारी योजनाओं की हकीकत जानने डीएम शेखर आनंद बुधवार को औचक निरीक्षण पर निकले। फरपर और कमालपुर में मनरेगा तो रामपुर में किसान पंजीकरण की जांच की। भारी लापरवाही और अनियमितता मिलने पर डीएम ने अफसरों-कर्मियों को फटकार लगाई और कानूनी-विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के 5 बड़े खुलासे
- फरपर गांव में लापरवाही: डीहा पंचायत के फरपर में मनरेगा साइट पर किसी भी मजदूर के पास जॉब कार्ड नहीं मिला। अटेंडेंस रजिस्टर मांगा तो गड़बड़ी सामने आई।
- नल-जल पर शिकायत: वार्ड 1, 2, 3 के ग्रामीणों ने ‘हर घर नल का जल’ योजना से पानी नहीं मिलने की शिकायत की। डीएम ने जल्द तीनों वार्डों में शुद्ध पेयजल सप्लाई का भरोसा दिया।
- कमालपुर में फर्जीवाड़ा: यहां NMMS ऐप पर जिन मजदूरों के नाम दर्ज थे, वे गायब मिले। उनकी जगह दूसरे लोग काम कर रहे थे। किसी के पास जॉब कार्ड नहीं। डीएम ने इसे गंभीर वित्तीय-प्रशासनिक अनियमितता बताया।
- किसान पंजीकरण में गड़बड़: रामपुर मौजा में किसानों के नाम और जमीन की रसीद में बड़े पैमाने पर मिसमैच मिला। DM ने नाराजगी जताई।
- डीएम के सख्त निर्देश:
- लापरवाह अफसरों-कर्मियों पर अविलंब कानूनी व विभागीय कार्रवाई हो।
- मनरेगा साइट की जियो-टैगिंग फोटो अनिवार्य रूप से देनी होगी।
- किसान समन्वयक रोज 10 किसानों का डेटा सुधारें, वरना सीधी कार्रवाई।
कौन रहे साथ: निरीक्षण में DDC, भूमि सुधार उप समाहर्ता, DRDA निदेशक, BDO अरियरी, CO, मनरेगा PO, किसान समन्वयक समेत कई अफसर मौजूद थे।
