पटना, अजित। बिहार इस समय भीषण ठंड की चपेट में है और नए साल की शुरुआत में भी लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आगामी सात दिनों तक प्रदेश में ठंड का प्रकोप बना रहेगा. पटना समेत दक्षिण बिहार के कई जिलों में शीतलहर और ठंडी पछुआ हवाओं के कारण हालात और ज्यादा विकराल हो सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है. राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि एक-दो स्थानों पर घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह और देर रात के समय ठिठुरन सबसे अधिक महसूस की जा रही है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा. गयाजी, औरंगाबाद और नालंदा में भीषण शीत दिवस दर्ज किया गया, जबकि डेहरी ऑन सोन में शीत दिवस की स्थिति रही. अधिकतम तापमान 13.5 से 17.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 7.7 से 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सबसे कम न्यूनतम तापमान राजगीर में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. कोहरे के कारण वाल्मीकि नगर में न्यूनतम दृश्यता 700 मीटर तक सिमट गई.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले सात दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन ठंडी पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ने से कंपकंपी बनी रहेगी. सोमवार को कई इलाकों में 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चली, जबकि मंगलवार को इसकी रफ्तार और बढ़ने की संभावना है. अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट आ सकती है।
अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों, खासकर उत्तर बिहार में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 और 31 दिसंबर को उत्तरी और दक्षिण-पश्चिम जिलों में भीषण शीत दिवस जैसी स्थिति बनी रह सकती है. वहीं एक से तीन जनवरी के बीच भी कई जिलों में शीत दिवस और घने कोहरे का असर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवाएं बिहार की ओर आ रही हैं, जिससे ठंड बढ़ी है. लगातार ठंड को देखते हुए प्रशासन और चिकित्सकों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने, सुबह-शाम घर से बाहर निकलने से बचने और कोहरे में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता रखने की अपील की गई है.
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले सात दिनों तक ठंड से राहत की कोई संभावना नहीं दिख रही है, ऐसे में लोगों को पूरी सतर्कता के साथ ठंड से बचाव के उपाय अपनाने होंगे।
