फुलवारीशरीफ, अजीत। नगर परिषद संपतचक, पटना द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,57,95,81,606 रुपये का बजट पारित किया गया. शनिवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में यह बजट पेश किया गया, जिसमें पिछले वित्तीय वर्षों 2024-25 और 2025-26 के दिसंबर तक के वास्तविक आय-व्यय के आंकड़ों को आधार बनाकर आगामी वर्ष का संभावित आय-व्यय का आकलन किया गया। बजट के अनुसार वर्ष 2026-27 के लिए प्रारंभिक शेष राशि के रूप में रोकड़, बैंक एवं कोषागार में 37,16,29,189 रुपये उपलब्ध रहने का अनुमान है. इसके अलावा आंतरिक राजस्व, विभिन्न शुल्कों तथा केंद्र और राज्य सरकार से प्राप्त अनुदानों को मिलाकर कुल अनुमानित प्राप्ति 1,52,58,17,481 रुपये आंकी गई है. वहीं स्थापना एवं अन्य राजस्व व्यय मद में 35,27,60,356 रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसके अतिरिक्त आधारभूत संरचना और अन्य पूंजीगत विकास कार्यों पर 1,22,68,21,250 रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान रखा गया है. इन सभी मदों के बाद वित्तीय वर्ष के अंत में 31,78,65,064 रुपये की अनुमानित शेष राशि रहने का आकलन किया गया है।
नगर परिषद संपतचक के बजट में आय के प्रमुख स्रोतों में संपत्ति कर, नगरपालिका संपत्तियों से किराया, विभिन्न फीस एवं यूजर चार्ज तथा मोबाइल टावर टैक्स शामिल हैं. परिषद क्षेत्र में मकानों से बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा 127 के तहत संपत्ति कर की वसूली की जाएगी, जो वार्षिक किराया मूल्य का 9 प्रतिशत निर्धारित है. आगामी वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य 6,87,75,000 रुपये रखा गया है. इसके तहत नए और अब तक सूचीबद्ध नहीं हुए मकानों को भी होल्डिंग कर के दायरे में लाया जाएगा. साथ ही बड़े बकायेदारों की सूची अखबारों में प्रकाशित की जाएगी और कर नहीं चुकाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नगरपालिका संपत्तियों, बाजारों, सड़क किनारे अस्थायी दुकानों तथा सैरात बंदोबस्ती से किराया मद में लगभग 1,62,750 रुपये प्राप्त होने का अनुमान है. वहीं ट्रेड लाइसेंस, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, अतिक्रमण हटाने का शुल्क, भवन अनुज्ञा शुल्क, पानी के टैंकर शुल्क तथा सेप्टिक टैंक क्लीयरेंस जैसे विभिन्न फीस एवं यूजर चार्ज से करीब 2,93,10,825 रुपये की आय का लक्ष्य रखा गया है. मोबाइल टावर टैक्स के तहत भी लगभग 2,88,750 रुपये प्राप्त होने का अनुमान है। विकास कार्यों के लिए पूंजीगत व्यय मद में बड़े पैमाने पर राशि निर्धारित की गई है. नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, नाला निर्माण और स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज सिस्टम पर 64,62,75,000 रुपये खर्च किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री नल-जल योजना और पंद्रहवें वित्त आयोग के तहत जलाशय निर्माण, जलापूर्ति और वर्षा जल संचयन व्यवस्था के लिए 6,30,00,000 रुपये का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय, डिलक्स शौचालय और मोबाइल टॉयलेट के निर्माण के लिए 2,48,00,000 रुपये, डस्टबिन की व्यवस्था के लिए 45 लाख रुपये तथा पार्क-पार्किंग, अशोक सम्राट भवन, सामुदायिक भवन, बस स्टैंड, वेंडिंग जोन, वृद्धों के लिए आश्रय स्थल, शवदाह गृह और मोक्षधाम, नगरपालिका वाहन गैराज तथा लाइब्रेरी जैसे निर्माण कार्यों के लिए 14,44,25,000 रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर परिषद सभापति अमित कुमार ने कहा कि इस बजट के माध्यम से संपतचक को और अधिक सुंदर, स्वच्छ और विकसित बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं और अन्य नागरिक सेवाओं को पर्याप्त और समय पर उपलब्ध कराने में यह बजट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा की बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा 82 के तहत शहरी गरीबों के लिए मूलभूत सुविधाओं के विकास पर कुल संसाधनों का न्यूनतम 25 प्रतिशत खर्च करना अनिवार्य है.
इसी प्रावधान के तहत नगर परिषद संपतचक ने 27.54 प्रतिशत यानी 52,26,49,453 रुपये की राशि शहरी गरीबों के लिए निर्धारित की है, जिससे बुनियादी सेवाओं के विकास और सामाजिक समानता को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लैंडफिल साइट के विकास हेतु 4,72,50,000 रुपये का प्रावधान किया गया है. इस परियोजना के तहत कचरे के वैज्ञानिक निपटान और पर्यावरण-अनुकूल प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। इस बैठक में उपाध्यक्ष निशा कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी समेत वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
