नालंदा, राकेश : बिहार शरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र स्थित रांची रोड पर एक निजी जांच घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेग मांगने पहुंची किन्नरों की टोली और अस्पताल कर्मियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया।
बताया जाता है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद अस्पताल कर्मियों ने चार किन्नरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा एवं जांच घर में बंधक बनाकर रखा लहेरी थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर किन्नरों को मुक्त कराया गया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेजा गया। इधर, किन्नरों की ओर से लहेरी थाना में आवेदन देकर जांच घर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। खबर लिखे जाने तक जांच घर प्रबंधन की ओर से थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और दोषियों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
