पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) रोटरी क्लब पटना सिटी के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। क्लब के अध्यक्ष रो. पंकज किशोर सिंह ने राज्यपाल को रोटरी क्लब पटना सिटी की सेवा गतिविधियों एवं आगामी सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी। राज्यपाल ने क्लब के कार्यों की प्रशंसा करते हुए समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया। वहीं, गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ स्थित के.एस. स्क्वायर होटल में रोटरी क्लब पटना सिटी एवं स्त्रीवा के संयुक्त तत्वावधान में महिला उद्योग मेले का आयोजन किया गया। मेले में 35 स्टॉल लगाए गए, जिनमें महिला उद्यमियों ने हस्तशिल्प, फैशन, ज्वेलरी, गृह सज्जा सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

स्त्रीवा की संस्थापक प्रीति ड्रोलिया एवं मोनू ड्रोलिया ने कहा कि रोटरी क्लब के साथ यह पहल महिला उद्यमिता को नई दिशा देने वाली है। ऐसे आयोजनों से लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिलता है तथा भविष्य में भी समाजहित में संयुक्त रूप से कार्य किए जाएंगे। रोटरी क्लब पटना सिटी के अध्यक्ष रो. पंकज किशोर सिंह ने कहा कि क्लब महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगे भी महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजन जारी रहेंगे। वरिष्ठ रोटेरियन अनंत अरोड़ा ने भी महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता के महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर वरिष्ठ रोटेरियन अनंत अरोड़ा, रुचि अरोड़ा, विजय कुमार यादव, कृष्णा कुमार यादव, जगन्नाथ कुमार, अमित सिंह, ऋचा सिंह, सचिन शर्मा, शिव मेहता, निशांत कुमार, सोनू कुमार, सचिन सिंह, सोनिया सिंह, सुशीला रानी, डॉ. ऊषा देवी शर्मा, पवन मेहता, पवन कुमार, अंशु गौतम, बिकी शाह, संजीव कुमार सहित रोटरी क्लब पटना सिटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
