पटना, न्यूज़ क्राइम 24। राजधानी पटना में सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन SAFAR (Safe Action for First Aid and Accident Response) के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक, यातायात पटना के मार्गदर्शन में राजापुर पुल स्थित पैंटालूंस परिसर में कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार पर शिक्षाप्रद जागरूकता अभियान चलाया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता और प्री-हॉस्पिटल (प्राथमिक उपचार) प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सड़क संकेतों, ट्रैफिक सिग्नलों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी गई। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
