पटनासिटी(न्यूज़ क्राइम 24): किला रोड स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह महाविद्यालय में बिहार दिवस पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण करने का कार्यक्रम आज गुरु अर्जन देव सभागार में यशस्वी प्राचार्य प्रो. डॉ. कनक भूषण मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतिभावान छात्रों को सम्बोधित करते हुए प्राचार्य महोदय ने विद्यार्थियों में जोश भरते हुए कहा कि आप सब प्रतिभावान हैं, कठिन और संघर्षशील जिंदगी से आगे बढ़े हैं, और इस पर भी बिहार दिवस में इतना उल्लेखनीय प्रदर्शन किया जो कि निश्चय ही बधाई के योग्य है। आप कभी निराश न हों और धैर्य न खोयें। आपको बस राह दिखाने की आवश्यकता है और यह कार्य हमारा है। आगे महाविद्यालय में सांस्कृतिक तैयारियाँ और व्यवस्थित व व्यापक रूप से होंगी। इस दिशा में महाविद्यालय अब और सक्रिय होगा।
यह उल्लेखनीय है कि कुछ ही सप्ताह पूर्व बीते बिहार दिवस पर एस.के. मेमोरियल हॉल में आयोजित पाटलीपुत्र विशवविद्यालय के कार्यक्रमों में इस महाविद्यालय की अनेक प्रस्तुतियाँ खूब सराही गयीं। इनमें सार्जेण्ट रित्नेश कुमार की दहेज प्रथा पर केंद्रित लघुनाटिका और कैडेट प्रियंका श्रीवास्तव की निर्भया काण्ड पर एकल अभिनयात्मक प्रस्तुति ने, गणमान्य लोगों से भरे एस.के. मेमोरियल सभागार, सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन कार्यक्रमों की तैयारी कराने में डॉ. रेशमा सिन्हा के प्रयासों की सराहना हुई। एन.एस.एस. पदाधिकारि डॉ. नंदकुमार यादव राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों की तैयारी में कटिबद्ध भाव से लगे रहे। खेलकूद प्रभारी डॉ. बीरेन्द्र कुमार ने छात्र-छात्राओं को सक्रिय रखा, प्रतियोगिताएँ करायीं एवं पुरस्कार व सम्मान दिलाया। सांस्कृतिक सचिव डॉ. ज्योतिशंकर सिंह कार्यक्रम में मौजूद रहे और मंच संचालन का कार्य श्री अरुण कुमार जी ने किया। नैक संयोजक डॉ. विकास कुमार की कोशिशों ने आयोजन को सफलता दी। एन.सी.सी. प्रभारी डॉ. अमरेन्द्र नाथ ने प्राचार्य महोदय के कर कमलों से एन.सी.सी. के रैंक प्राप्त कैडेट्स को रैंक लगवायीं।
आज के कार्यक्रम में शिक्षक गणों की मौजूदगी विद्यार्थियों के लिए आश्वास्ति की तरह थी। मंच पर डॉ. उमेश कुमार सिंह, डॉ. के. के. झा और मंच के सामने डॉ. करूणा राय, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. विजय कुमार, डॉ. अब्बास, डॉ. विनय तिवारी, डॉ. असलम, डॉ. अरविन्द, डॉ. विजय आदि शिक्षक थे। अनेक उत्साही छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कार्यक्रम को ऊर्जावान बना रही थी जिनमें अंजली, शिवम, कृति, चाहत, पूजा, खुशी रानी, क्रिशु, अमित, लवली, नेहा, विश्वकर्मा आदि थे।
