फुलवारीशरीफ, अजीत यादव। राजधानी पटना में पुलिस का “ऑपरेशन लंगड़ा” अभियान लगातार जारी है. ताजा मामले में मंगलवार सुबह जानीपुर व नौबतपुर थाना क्षेत्र के बादीपुर गांव के पास पुलिस ने कुख्यात अपराधी दीपक कुमार को एनकाउंटर में पैर में गोली मार दी. घायल अपराधी को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है. मौके पर पटना पुलिस के वरिया अधिकारी पहुंचे हैं और एफएसएल की टीम भी साक्ष्य एकत्रित करने में जुटी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दीपक कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है. उस पर डकैती, लूटपाट, रंगदारी वसूलने और गोलीबारी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. 12 अगस्त की रात जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास नेशनल हाईवे 98 स्थित सखी ब्यूटी पार्लर में लूटपाट की वारदात में भी दीपक और उसके गिरोह का हाथ था. उस घटना के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी और अपराधियों ने मोबाइल समेत कई सामान लूटे थे. पुलिस की कई टीम लंबे समय से दीपक की तलाश में थी.
सोमवार की रात पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि लूट का सामान और लोडेड हथियार उसने नौबतपुर थाना क्षेत्र के बांदीपुर गांव के पास झाड़ियों में छुपा दिया है. मंगलवार सुबह जब पुलिस उसे बरामदगी के लिए वहां ले गई तो दीपक ने झाड़ी से हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कंट्रोल फायरिंग में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गोली चलाई गई. एक गोली दीपक कुमार के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने मौके से लूट का सामान और हथियार बरामद कर लिया. घायल दीपक को पहले एम्स और फिर पीएमसीएच में इलाज के लिए भेजा गया है। पटना के सीनियर एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि दीपक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फुलवारी शरीफ के हिंदूनी गांव और कुरकुरी में पुलिस का एनकाउंटर ऑपरेशन चल चुका है. हिंदूनी में नालंदा के कुख्यात अपराधी गुरु और उसके कई साथियों को पुलिस ने गोली मारकर ढेर कर दिया था. इसके बाद जहानाबाद का कुख्यात अपराधी, जो पटना के रामकृष्ण नगर बस स्टैंड, कंकड़बाग सहित बिहार, दिल्ली, बंगाल और झारखंड में दर्जनों आपराधिक वारदातों में शामिल था, उसे भी हाल ही में फुलवारी शरीफ के कुरकुरी गांव के पास एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था और अब जानीपुर थाना क्षेत्र में कुख्यात दीपक के खिलाफ पुलिस का एनकाउंटर ऑपरेशन हुआ है।
