पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश रचने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि कदमकुआं थाना क्षेत्र के पटना कॉलेज परिसर में कुछ व्यक्ति किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद कदमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में छापेमारी की गई। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर फतुहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से एक और देसी कट्टा तथा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान अभियुक्त शुभम कुमार ने एसटीएफ पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, शुभम कुमार के खिलाफ 10 से 12 आपराधिक मामलों में संलिप्तता अथवा आपराधिक इतिहास की जानकारी मिली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले और आगे की कार्रवाई के संबंध में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पटना सुश्री कोमल मीणा ने जानकारी दी।
