बिहार, उमेश कुमार : स्टेट ओलंपिक ट्रायल में भाग लेने के लिए शेखपुरा जिला ताइक्वांडो संघ के खिलाड़ियों का दल मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुआ। यह राज्य स्तरीय ट्रायल 12 जुलाई 2026 को खेल भवन, मुजफ्फरपुर में आयोजित किया जाएगा।
शेखपुरा जिला ताइक्वांडो संघ के लिए यह गर्व का विषय है कि संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक विश्वजीत कुमार को बिहार स्टेट ओलंपिक ट्रायल का चीफ सिलेक्टर नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल संघ बल्कि पूरे शेखपुरा जिले के लिए सम्मान की बात है।
संघ की अध्यक्ष एडवोकेट मनीषा कुमारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा जिले का नाम रोशन करें। चीफ सिलेक्टर एवं सचिव विश्वजीत कुमार ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी तथा खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन और तकनीकी क्षमता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमर कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों ने ट्रायल के लिए कड़ी मेहनत की है और सभी पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शेखपुरा के खिलाड़ी राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में मनीष राय, श्रुति सिंह, खुशबू कुमारी, गौरव कुमार, अभिजीत आनंद, निखिल कुमार, रवि शंकर, हर्ष कुमार, आशीष कुमार, हर्षवर्धन एवं रवि कुमार शामिल हैं। शेखपुरा जिला ताइक्वांडो संघ के सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को सफल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वजीत कुमार को चीफ सिलेक्टर बनाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।
