पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना वीमेंस कॉलेज के वाणिज्य विभाग (अकाउंटिंग एंड फाइनेंस) द्वारा भारतीय प्रबंधन संस्थान बोधगया के सहयोग से “वित्तीय साक्षरता एवं सेबी निवेशक जागरूकता” विषय पर छात्र विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन, निवेश की समझ तथा जिम्मेदारीपूर्ण निवेश के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत वाणिज्य विभाग की डीन एवं विभागाध्यक्ष डॉ. सूफिया फातिमा के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद आईआईएम बोधगया के एनआईएसएम प्रशिक्षक श्री सौविक पांडे एवं श्री माहिन मित्रा ने व्यक्तिगत वित्त, निवेश योजना और निवेशक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को बेहतर वित्तीय आदतें अपनाने तथा सोच-समझकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सेबी निवेशकों के हितों की सुरक्षा, प्रतिभूति बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने तथा विभिन्न जागरूकता अभियानों के माध्यम से निवेशक शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य करता है। साथ ही वर्तमान आर्थिक परिवेश में वित्तीय साक्षरता के महत्व पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में बी.कॉम (ऑनर्स) अकाउंटिंग एंड फाइनेंस, बी.कॉम (ऑनर्स) टैक्सेशन एंड ऑडिटिंग तथा बी.ए. इकोनॉमिक्स (ऑनर्स) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संवादात्मक सत्र के दौरान छात्रों को वित्तीय योजना, म्यूचुअल फंड, जोखिम मूल्यांकन, पोर्टफोलियो विविधीकरण तथा व्यक्तिगत वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप निवेश रणनीति तैयार करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने निवेश एवं वित्तीय योजना से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर आर्थिक निर्णय लेने में सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
