पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए पटना यातायात पुलिस ने अभियान चलाया। यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश पर डॉल्फिन-1 के पदाधिकारियों ने विभिन्न मार्गों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
इस दौरान जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं, जेपी गोलंबर से स्वामी नंदन तिराहा तक भी अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 37,000 रुपये का ई-चालान काटा गया। पटना यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर को जाम-मुक्त बनाने में सहयोग मिल सके।
