पटनासिटी, रॉबीन राज। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं सिटी एसपी पूर्वी के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। वहीं चौक थाना क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान चौक थाना प्रभारी राज किशोर सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च चौक थाना परिसर से शुरू होकर कंगन घाट, किला रोड, पटना साहिब स्टेशन चौक, शिकारपुर आरओबी, नाला पर, मंगल तालाब एवं भगत सिंह चौक सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिस प्रशासन ने इस फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों को सख्त संदेश दिया। मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों तथा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। सीसीटीवी कैमरों एवं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता देखने को मिली, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई।
