पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) अगमकुआं थाना क्षेत्र सहित पटना जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं का पटना पुलिस ने खुलासा किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में SIT टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर घटनाओं में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में 15 और 16 अगस्त 2026 को पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल, दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, छीनी गई चेन को गलाकर तैयार किया गया 5 ग्राम सोना तथा चेन बेचकर प्राप्त 3 लाख 13 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से तीन का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और सदस्यों के संबंध में भी जांच कर रही है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना सुश्री शैलजा ने प्रेस को जानकारी दी।
