पटना, अजित। जानीपुर थाना क्षेत्र के पसही फरीदपुर गांव में गुरुवार को जमीन पर कब्जे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हिंसक हो गया और मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। अचानक हुई फायरिंग से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में घरों में दुबक गए.सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस थानाध्यक्ष नवीन कुमार के नेतृत्व में दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के घर पर छापामारी की। छापामारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक दो नाली बंदूक, 19 जिंदा कारतूस, 29 खोखा और एक एयर गन के रूप में तैयार हथियार बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में बैजू प्रसाद गुप्ता तथा उसके दो पुत्र सुजीत कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. गांव वालों के मुताबिक बैजू गुप्ता हथियार के बल पर हमेशा गांव में दबंगई करता है और जमीन कब्जा करने की फिराक में रहता है।
पुलिस के अनुसार 22.01.2026 गुरुवार को जानीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पसही फरीदपुर में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर गोलीबारी की सूचना प्राप्त हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि पसही फरीदपुर निवासी लाल बाबू गुप्ता और उनके भाई बैजू प्रसाद गुप्ता के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद बैजू प्रसाद गुप्ता अपने पुत्रों के साथ अवैध हथियार लेकर मौके पर पहुंचा और लाल बाबू गुप्ता को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही लाल बाबू गुप्ता किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध जानीपुर थाना में कांड दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
