फुलवारीशरीफ, अजित। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में शिक्षा विभाग की थीम “हमारा बच्चा, हमारी जिम्मेदारी” के तहत अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अभिभावकों को बच्चों के अप्रैल माह के मासिक मूल्यांकन की रिपोर्ट दिखाई गई तथा शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका नीतू शाही द्वारा बच्चों की माताओं के सम्मान में मदर्स डे समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर केक काटकर सभी माताओं के साथ मदर्स डे धूमधाम से मनाया गया. बच्चों की ओर से माताओं को मदर्स डे कार्ड, फूलों का गुलदस्ता एवं एक-एक पौधा भेंट किया गया। मदर्स डे के अवसर पर विद्यालय में एक नया नवाचार भी शुरू किया गया, जिसके तहत एक अभिभावक मां को ताज पहनाकर “अभिभावक ऑफ द मंथ” सम्मान दिया गया. वहीं वर्ग तीन की छात्रा कोमल कुमारी को “स्टूडेंट ऑफ द मंथ” का प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया. समारोह के दौरान सभी माताएं काफी उत्साहित और खुश नजर आईं।
