फुलवारीशरीफ, अजीत। पोषण माह के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में पोषण मेला का आयोजन किया गया. शिक्षिका नीतू शाही के नेतृत्व में आयोजित मेले में बच्चों को पौष्टिक आहार और जंक फूड के दुष्प्रभावों के बारे में रोचक तरीके से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान आराध्या को पौष्टिक भोजन का ताज पहनाकर बच्चों को बताया गया कि स्वस्थ रहने के लिए ताजे फल और हरी सब्जियां, दाल, साबुत अनाज, दूध, दही, अंडा, पनीर और मूंगफली जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करना चाहिए. साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई।
वहीं अर्पिता को जंक फूड का ताज पहनाकर बच्चों को बताया गया कि चिप्स, नमकीन, बर्गर, पिज्जा, नूडल्स, कोल्ड ड्रिंक, पैकेट वाला जूस, अधिक चीनी, केक, तली-भुनी चीजें और डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों से दूरी बनानी चाहिए. बच्चों को समझाया गया कि जंक फूड की आदत से मोटापा, कमजोर हड्डियां, पाचन संबंधी समस्या, विभिन्न बीमारियों का खतरा और पढ़ाई में मन नहीं लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. बच्चों को संदेश दिया गया कि आज की गलत पसंद कल की समस्या बन सकती है।
मेले में बच्चों को ‘घर की थाली पर नजर डालो, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ो’ और ‘हर रंग का खाना, सेहत का खजाना’ जैसे संदेश दिए गए. पोषण मेले में सभी शिक्षकों और बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने जीवन से जंक फूड को दूर रखेंगे और पौष्टिक भोजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे।
इस अवसर पर बच्चों के अर्धवार्षिक मूल्यांकन का परिणाम भी घोषित किया गया. वर्ग तीन में वर्ग शिक्षिका नीतू शाही ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया. पीयूष को प्रथम, ऋषभ को द्वितीय और अंजू को तृतीय पुरस्कार दिया गया. शिक्षिका ने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
