अररिया(रंजीत ठाकुर): राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर जिले में 01 से 19 साल तक के तमाम बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान का संचालन किया गया। जिले के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां प्रशिक्षित कर्मी की देखरेख में बच्चों को उनके उम्र के हिसाब से निर्धारित मात्रा में अल्बेंडाजोल दवा का सेवन कराया गया। इसे लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लेते हुए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने अभियान की विधिवत शुरुआत की। जिलाधिकारी की देखरेख में जवाहर नवोदय विद्यालय व इसके बाद केंद्रीय विद्यालय के बच्चों को दवा का सेवन कराया गया।
नियमित अंतराल पर कृमिनाशक दवा का सेवन जरूरी :
जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने कहा कि दूषित पेयजल व अशुद्ध खानपान व शारीरिक स्वच्छता के प्रति उदासीनता के कारण बच्चों में कृमि संक्रमण का खतरा अधिक होता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयांतराल पर कृमिनाशक दवा के सेवन से इससे बचा जा सकता है। उन्होंने बढ़-चढ़ कर अभियान में भाग लेते हुए दवा सेवन के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित किया। इतना ही नहीं उन्होंने बच्चों को जीवन में मनचाही सफलता हासिल करने के लिये प्रेरित व प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसी भी क्षेत्र में कड़ी मेहनत को सफलता का महत्वपूर्ण सूत्र बताया। डीएम ने कहा कि छात्र अपने जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करते हुए हर हाल में इसे प्राप्त करने की रणनीति अपनायें। सफलता के मार्ग में आने वाली तमाम चुनौतियों व बाधाओं को दरकिनार करते हुए अपने पसंदीदा क्षेत्र में सफलता का परचम लहराने के लिये उन्होंने स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित किया।
जिलाधिकारी की देखरेख में केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने खाई दवा :
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद जिलाधिकारी केंद्रीय विद्यालय पहुंचे। जहां प्रभारी प्राचार्य सतीश कुमार सहित अन्य शिक्षकों से विद्यालय के संबंध में जरूरी पड़ताल करते हुए छोटे स्कूली बच्चों को उन्होंने अपनी देखरेख में कृमि नाशक दवा का सेवन कराया। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय का मुआयना करते हुए उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल के निर्माण व जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर प्रशासनिक स्तर से सभी संभव मदद का आश्वासन विद्यालय प्रबंधन को दिया।
निर्धारित आयु वर्ग के 16.70 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य :
अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए डीआईओ डॉ मोईज ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में 01 से 19 साल तक के 16.70 लाख बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को संचालित अभियान में दवा सेवन से वंचित बच्चों को दवा का सेवन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 26 अप्रैल को दोबारा मॉपअप राउंड का संचालन करते हुए छूटे हुए बच्चों को दवा का सेवन कराया जायेगा। इसमें आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 9.77 लाख बच्चे व विभिन्न स्कूलों के माध्मय से 6.93 लाख बच्चों को दवा खिलायी जानी है।
कार्यक्रम में कई अधिकारी थे मौजूद :
इस क्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डीके साहू, डीईओ राजकुमार, डीआईओ डॉ मोईज, डीपीएम स्वास्थ्य रेहान अशरफ, एमओआईसी अररिया डॉ जावेद, एसएमसी यूनिसेफ आदित्य कुमार, बीएचएम सईदुर्रजमा, बीसीएम मो सरवर, बीएमएनई मो सुफियान, बीसीएम यूनिसेफ जय कुमार झा सहित अन्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जवाहर नवोदय विद्यालय के कला शिक्षक राजेश कुमार ने किया।
