बिहार

नालंदा मेडिकल कॉलेज में व्हाइट कोट सेरेमनी, नए मेडिकल छात्रों को मिला सेवा और अनुशासन का संदेश

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) नालंदा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को प्रवेश बैच 2026 के नवप्रवेशित मेडिकल छात्र-छात्राओं के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा, कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और चिकित्सकीय पेशे की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे के मूल्यों, सेवा भावना, अनुशासन और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता का महत्व समझाना था। व्हाइट कोट सेरेमनी को मेडिकल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। सफेद कोट चिकित्सा सेवा, समर्पण, नैतिकता और मानवता के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है।

कॉलेज की प्राचार्य डॉ. उषा कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्हाइट कोट पहनना केवल चिकित्सक बनने की दिशा में कदम बढ़ाना नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने की जिम्मेदारी स्वीकार करना भी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सीनियर और जूनियर के साथ अनुशासनपूर्ण व्यवहार करने तथा कॉलेज के नियमों का पालन करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान रैगिंग से संबंधित विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि कॉलेज परिसर में स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच सम्मानजनक व्यवहार, आपसी सहयोग और अनुशासन चिकित्सा शिक्षा के महत्वपूर्ण अंग हैं। इस अवसर पर नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, प्रोफेसर और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष (एचओडी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

Related posts

महिलाओं के शोषण को रोकने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है

दीपावली एवं छठ पूजा से पहले वैशाली में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान

घूरना में सुरसर नदी के बांध पर अवैध खनन का आरोप, कैमरा देखते ही ट्रैक्टर लेकर भागे चालक