पटना, न्यूज़ क्राइम 24। नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार लहसूना थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 12 फरवरी 2026 को वादिनी अनिता देवी ने लहसूना थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके 16 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार को गांव के ही बिट्टु पासवान पार्टी मनाने के बहाने घर से बुलाकर ले गया और उसकी हत्या कर शव को चारदीवारी के अंदर फेंक दिया।
लहसुना थानाप्रभारी खुशबू खातून ने बताया की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मामले का सत्यापन किया। आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर मसौढ़ी लहसूना थाना में बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर प्राथमिक अभियुक्त बिट्टु कुमार उर्फ रविरंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
