पटना/फतुहा, (न्यूज़ क्राइम 24) गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से फतुहा में उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना साहिब के सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने आज प्रभावित क्षेत्रों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
सांसद श्री प्रसाद ने फतुहा प्रखंड के सबसे अधिक प्रभावित डुमरी, रुकूनपुर, अलावलपुर, चमरडीह, में जमालपुर और खूंखना सहित गंगा तट तथा दर्गा – पुनपुन नदी पर बसे दर्जनों गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घरों में घुसे बाढ़ के पानी, जलमग्न हुई हजारों एकड़ फसलों और ग्रामीणों के समक्ष उत्पन्न पेयजल व आवागमन की समस्या का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान श्री प्रसाद ने प्रभावित परिवारों से आत्मीय संवाद कर उनका हाल जाना और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके पर ही जिला प्रशासन और फतुहा अंचल के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बाढ़ पीड़ितों के बीच तत्काल राहत सामग्री का वितरण हो और प्रभावित गांवों में सामुदायिक किचन अविलंब शुरू किया जाए तथा शुद्ध पेयजल, जरूरी दवाएं और नाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा, “यह आपदा की घड़ी है। इस संकट में हम अपने एक-एक परिवार के साथ खड़े हैं। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। मैंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी पीड़ित को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर पटना सिटी एसडीएम, फतुहा अंचल के अंचलाधिकारी, बीडीओ सहित आपदा विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
