पटना साहिब, (न्यूज़ क्राइम 24) दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के आगामी प्रकाश पर्व को लेकर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में आज तख्त साहिब प्रबंधक कमेटी और विभिन्न कार सेवा संप्रदायों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें तख्त साहिब परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्रकाश पर्व से पहले पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में तख्त श्री पटना साहिब प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही, उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, सचिव हरबंस सिंह और बिल्डिंग चेयरमैन सुमीत सिंह कलसी ने कार सेवा बाबा भूरी वाले, कार सेवा दिल्ली और कार सेवा पटियाला के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के उपरांत प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही ने जानकारी देते हुए बताया कि कार सेवा बाबा भूरी वाले संप्रदाय की ओर से बाबा सुखविंदर सिंह और बाबा गुरविंदर सिंह ने आश्वासन दिया है कि उनके द्वारा निर्माणाधीन माता सुंदरी निवास के 50 से अधिक कमरे प्रकाश पर्व से पहले तैयार कर प्रबंधक कमेटी को सौंप दिए जाएंगे।
इसके साथ ही भोरा साहिब, जोड़ा घर और गठरी घर के निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया गया है, ताकि प्रकाश पर्व के दौरान आने वाली संगत को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
सरदार जगजोत सिंह सोही ने बताया कि इसी प्रकार कार सेवा दिल्ली और कार सेवा पटियाला के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने स्तर पर चल रहे सराय निर्माण कार्यों को प्रकाश पर्व से पहले पूरा करने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तख्त श्री पटना साहिब में नतमस्तक होने पहुंचते हैं। ऐसे में प्रबंधक कमेटी का मुख्य उद्देश्य है कि आने वाली संगत को रिहायश और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही ने कहा कि सभी कार सेवा संप्रदायों के सहयोग से निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रबंधक कमेटी द्वारा इन कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि प्रकाश पर्व से पूर्व अधिक से अधिक सुविधाएं संगत की सेवा में समर्पित की जा सकें।
उन्होंने कार सेवा संप्रदायों द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि गुरु घर की सेवा में सभी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रबंधक कमेटी संगत की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
