फुलवारीशरीफ, अजीत। फतुहा विधानसभा क्षेत्र के संपतचक, पटना सदर और फतुहा प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का पूर्व मंत्री सह फतुहा विधायक डॉ. रामानंद यादव ने निरीक्षण किया. उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संपतचक प्रखंड की कंडाप तारणपुर पंचायत के कुरा नवादा, बंगलापर, तारणपुर, फहीमपुर नयाचक तथा पटना सदर प्रखंड के हीरानंदपुर, बराठपुर, खासपुर, मुराजपुर, सुकुलपुर, पुनाडीह, नथाचक, निजामपुर, कसारा और रायबाग सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया गया।
इसके अलावा फतुहा प्रखंड के रुकुनपुर, भगवानपुर, द्रावसौकी, नारायणा, डुमरी, अब्दालपुर, खोखना, सुल्तानपुर, दौलतपुर, विक्रमपुर, मौजीपुर, गुलमाहियाबाग और जेठुली गांवों का भी निरीक्षण किया गया। विधायक ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए तिरपाल उपलब्ध कराने, सामुदायिक रसोई शुरू कराने तथा मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने ग्रामीण सड़कों के निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कराने को भी कहा। वहीं, सिंचाई विभाग के अभियंताओं को बाढ़ के कारण टूटे बांधों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी का फैलाव रोका जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
