पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) पटना विमेंस कॉलेज के फिलॉसफी विभाग की ओर से सुजन करम (आर्ट्स एंड क्राफ्ट क्लब) के सहयोग से सावन के अवसर पर पारंपरिक मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 105 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता की थीम ‘पारंपरिक मेहंदी डिजाइन’ रखी गई थी। छात्राओं और शिक्षकों ने विभिन्न आकर्षक एवं रचनात्मक मेहंदी डिजाइन बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को रचनात्मकता के साथ भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना था।
प्रतियोगिता में सुश्री पूजा कुमारी, सहायक प्राध्यापिका, वाणिज्य विभाग और सुश्री एनाक्षी के. बिस्वास ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में आस्मा बानो ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। आरायना कुमारी और कहकशां उड़ामा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि मानशी जायसवाल ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया। फिलॉसफी विभाग की एचओडी सुश्री कीर्ति चौधरी और फैशन डिजाइन विभाग की एचओडी डॉ. गीतांजलि चौधरी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और विजेताओं को बधाई दी। मेहंदी प्रतियोगिता के आयोजन से कॉलेज परिसर में सावन के उत्सव का रंग देखने को मिला और छात्राओं को अपनी कला एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच मिला।
