बिहार

पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक, बिक्री व्यवस्था पारदर्शी रखने के निर्देश

अररिया, रंजीत ठाकुर। जिले में पेट्रोल-डीजल की बिक्री व्यवस्था को पारदर्शी और नियंत्रित बनाए रखने को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अररिया श्री बलवीर दास की अध्यक्षता में सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों का संचालन केवल खुदरा बिक्री (रिटेल सेल) के लिए ही किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनाधिकृत वाहनों को आपूर्ति या थोक (बल्क) बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

निगरानी व्यवस्था को सख्त करते हुए बताया गया कि प्रधान कार्यालय स्तर पर ऑटोमेशन के माध्यम से बड़े लेन-देन पर नजर रखी जा रही है। इसके तहत पेट्रोल में ₹4,000 और डीजल में ₹35,000 से अधिक के एकल ट्रांजेक्शन पर विशेष निगरानी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लेन-देन का सीसीटीवी प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और समय पर इंडेंट देना जरूरी होगा। यदि आसपास के किसी पंप पर ईंधन की कमी होती है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन, विक्रय अधिकारी एवं विपणन कंपनियों के अधिकारियों द्वारा किसी भी समय निरीक्षण किए जाने की बात कही गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक (ऑटोमेशन एवं भौतिक) और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की अनिवार्य जांच की जाएगी। इसके अलावा सभी नोजल पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और कम से कम 15 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। बिना अनुमति ऑटोमेशन (DU) को मैनुअल मोड में संचालित करना गंभीर अनियमितता माना जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने सभी संचालकों से अपील की कि वे निर्देशों का पूरी तरह पालन कर ईंधन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Related posts

ट्रक ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या का आरोप, गुस्साए ड्राइवरों ने किया हंगामा

स्कूल में बच्चों ने मनाया रक्षाबंधन, भाई-बहन के अटूट रिश्ते का दिया संदेश

काजीकोरैया–राघोपुर तटबंध की सुरक्षा को लेकर सरकार सजग, युद्धस्तर पर जारी बचाव कार्य

error: