अररिया, रंजीत ठाकुर : घूरना थाना क्षेत्र के पथराहा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-12 में सोमवार की सुबह भीषण अग्निकांड में पांच आवासीय घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस घटना में घरों में रखी नकदी, कपड़े, अनाज, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए। अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। आग सबसे पहले एक घर में लगी और देखते ही देखते आसपास के अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सभी पीड़ित परिवारों के घर टीन और फूस से बने होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें उठती देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना मिलने पर फुलकाहा थाना में प्रतिनियुक्त अग्निशमन वाहन संख्या BR-38-GA-0431 मौके पर पहुंचा। अग्निशमन दल में अग्निक चालक मनोज कुमार, अग्निक मोहम्मद टीपू खान और अग्निक रंजन कुमार शामिल थे। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
अग्निकांड में मोहम्मद साकिर के दो घर और मोहम्मद मुक्तेश का एक घर जलकर राख हो गया। दोनों स्वर्गीय नईम के पुत्र बताए गए हैं। वहीं, मोहम्मद नसीम और मोहम्मद जसीम, दोनों पिता जैनुद्दीन उर्फ ढोड़ी मियां के एक-एक आवासीय घर भी आग की भेंट चढ़ गए। इस तरह पांचों घरों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने में सहयोग किया। अचानक हुए इस अग्निकांड से पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में घूरना थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। पीड़ित परिवारों से आवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
