बिहार

टोटो की सीट फाड़ने के आरोप में 13 वर्षीय भतीजी की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

पोठिया, सरफराज गुड्डू : थाना क्षेत्र के लोहनी रुचिदेव सिमरिया गांव में गुरुवार टोटो रिक्शा की सीट फाड़ने के मामूली आरोप को लेकर 13 वर्षीय किशोरी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतका की पहचान 13 वर्षीय कोमल कुमारी के रूप में बतायी जा रही है। आरोप है कि टोटो की सीट फाड़ने का आरोप लगाकर उसके बड़े पापा अखिलेश मंडल टोटो मालिक ने उसे घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू की। सदर-2 डीएसपी सुनील कुमार शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। जिला मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

मृतका के नाना ढोराय मंडल ने बताया कि कोमल पर उसके बड़े पापा अखिलेश मंडल ने टोटो रिक्शा की सीट फाड़ने का आरोप लगाया था। आरोप लगाने के बाद कथित तौर पर कोमल को पकड़कर घर में बंधक बना लिया गया। नाना ढोराय मंडल का आरोप है कि बच्ची के साथ मारपीट की गयी और इसी दौरान उसकी जान चली गयी।

नाना के अनुसार, टोटो की सीट फटने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए वह दो हजार रुपये देने को तैयार थे। उन्होंने आरोपित पक्ष से कहा कि नुकसान की भरपाई कर दी जाएगी और बच्ची उनकी अपनी भतीजी है, उसे छोड़ दिया जाए तथा टोटो की सीट की मरम्मत करा ली जाए। लेकिन, उनके मुताबिक, किसी ने उनकी बात नहीं मानी।

आसपास के लोगों ने भी समझाने का किया प्रयास

नाना का कहना है कि आसपास के लोगों ने भी मामले को शांत कराने और बच्ची को छोड़ने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन कथित तौर पर उनकी बात भी नहीं मानी गयी। आरोप है कि बच्ची की बेरहमी से पिटाई जारी रही और उसकी मौत हो गयी।

घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये। वारदात को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर बच्ची की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद नामजद आरोपित पक्ष के कई लोग घर से फरार हो गये हैं। वहीं, एक महिला को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने की सूचना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गयी है।

Related posts

पटना वीमेंस कॉलेज में ‘सिक्योर कोडिंग’ पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

रक्षाबंधन पर पंचक का साया, जानिए पटना में राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

पूर्व SDO सत्यम सहाय को दी गई विदाई, नए SDO कशिश बख्शी का हुआ स्वागत

error: