बिहार

दुर्गा पूजा एवं दशहरा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए अभी से करें तैयारी : डीएम

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रमों के सुचारू संचालन को लेकर जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि “यह त्योहारों के सीजन की शुरुआत है। इसलिए कानून-व्यवस्था की निगरानी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा व्यापक जनभागीदारी वाला महत्वपूर्ण पर्व है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतें।

शांति समितियों की बैठक अनिवार्य, पूजा समितियों के लिए लाइसेंस जरूरी

जिलाधिकारी ने सभी थाना अध्यक्षों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा पूजा से संबंधित सभी शांति समितियों की बैठक अनिवार्य रूप से करा ली जाए। पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां-जहां पूजा पंडाल स्थापित किए जा रहे हैं, वहां लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। पूजा समितियों को लाइसेंस की सभी शर्तों से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें पढ़कर सुनाना भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन हो।

विसर्जन जुलूस में शामिल होने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों एवं आयोजकों का नाम तथा आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेज नियमानुसार संधारित करने का भी निर्देश दिया गया।

पूजा पंडालों की सुरक्षा जांच एवं फायर ऑडिट पर विशेष जोर

सभी पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षित वायरिंग, प्रवेश एवं निकास तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बड़े एवं महत्वपूर्ण पूजा पंडालों का फायर ऑडिट कराने तथा पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यकतानुसार महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग, सुगम प्रवेश एवं निकास तथा पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

विसर्जन स्थलों पर रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

मूर्ति विसर्जन के लिए चिन्हित कृत्रिम घाटों एवं कृत्रिम तालाबों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोर, बचाव दल एवं आवश्यक आपदा प्रबंधन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी पहले से पूरी रखें।

विसर्जन जुलूसों की ड्रोन से होगी निगरानी

मूर्ति विसर्जन जुलूसों के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन के माध्यम से वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया गया है। जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय एवं अन्य निर्धारित शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान भड़काऊ अथवा उत्तेजक गीत, आपत्तिजनक नारे, प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन तथा ऐसी झांकियों अथवा चित्रों का प्रदर्शन नहीं किया जाए, जिससे किसी समुदाय की भावना को ठेस पहुँचे.

सोशल मीडिया पर रहेगी सतर्क नजर

लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित अनुज्ञप्ति के साथ ही किया जा सकेगा तथा रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक इसका उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।

सोशल मीडिया पर भी प्रशासन एवं पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अफवाह, भ्रामक सूचना, आपत्तिजनक सामग्री अथवा धर्म, जाति एवं भाषा के आधार पर वैमनस्य फैलाने वाले पोस्ट या संदेश प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी.

जिलाधिकारी ने सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा जबरन चंदा वसूली नहीं की जाए। इस संबंध में लगातार निगरानी रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान

सभी नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों तथा पटना नगर निगम को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पूजा पंडालों, प्रमुख मार्गों, विसर्जन स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई, कचरा उठाव एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, अधिकारियों की रहेगी मुस्तैदी

जिलाधिकारी ने पुलिस की दृश्यता बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का अनुकूलतम उपयोग करने का निर्देश दिया। रणनीतिक एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सभी पुलिस कर्मियों की व्यापक ब्रीफिंग तथा ड्यूटी स्थल पर पूरी मुस्तैदी सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने मूर्ति विसर्जन एवं विसर्जन जुलूसों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं जवान अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पूरी सजगता के साथ तैनात रहें। शांति समितियों से लगातार संवाद बनाए रखने तथा जिला नियंत्रण कक्षों का समय-समय पर औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

Related posts

कविता महतो के हौसले को मिला नया सहारा

रास्ते के विवाद को लेकर दो युवकों को गोली मारी

ज्योति-जोत गुरु पर्व मनाया गया, 48 घंटे से चल रहे श्री अखंड पाठ की हुई समाप्ति

error: