पटना, अजित। पटना उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गौरीचक थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम ने गौरीचक थाना क्षेत्र के सैधानपुर मोड़ के समीप छापेमारी कर ट्रक संख्या RJ 32 GB 6221 को रोका. जांच के दौरान ट्रक से 412 कार्टन में रखी गई कुल 3708 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई. मौके से ट्रक चालक सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार चालक राजस्थान का निवासी बताया जाता है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा ट्रक को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में शराब की खेप को अवैध रूप से बिहार लाए जाने की आशंका है। उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
