पटना, विवेक पांडे : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड स्थित प्रणावां ग्राम में श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब राजकीय मेला-2026 का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बड़ी घोषणाएं कीं।

CM की 5 बड़ी घोषणाएं:
- नामकरण: प्रणावां स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ITI और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम श्री श्री 108 श्री शरण निवास बाबा महतो साहब के नाम पर होगा।
- सहयोग शिविर: 19 मई से हर पंचायत में महीने में 2 दिन कैंप लगेगा। ब्लॉक, अंचल और थाना से जुड़ी जनता की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान होगा।
- मॉडल स्कूल: बिहार के सभी 534 प्रखंडों में मॉडल स्कूल बनेंगे। CM बोले- “ऐसा स्कूल बनाएं जहां गरीब के साथ मंत्री-पदाधिकारी के बच्चे भी पढ़ने को ललायित हों।”
- बेटियों की सुरक्षा: सभी स्कूल-कॉलेज के पास पुलिस मुस्तैद रहेगी। “बहन-बेटियों की सुरक्षा की गारंटी हमारी पुलिस सुनिश्चित करेगी।”
- मेला के लिए जमीन: राजकीय मेला के आयोजन में दिक्कत न हो, इसके लिए जमीन अधिग्रहण होगा। मुख्य सड़क से मेला स्थल तक सड़क भी बनेगी।
CM ने कहा- नीतीश के विकास को आगे बढ़ाएंगे:
मुख्यमंत्री ने श्री शरण निवास बाबा महतो साहब मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-शांति की कामना की। उन्होंने कहा, “800 साल पहले बाबा महतो साहब ने भाईचारा और सद्भाव का संदेश दिया। उनके रास्ते पर चलकर समृद्ध बिहार बनाना है।” CM ने कहा कि पूर्व CM नीतीश कुमार ने 2 दशक में बिहार को संवारा और इस मेले को राजकीय दर्जा दिया। “PM नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और नीतीश जी के समृद्ध बिहार के सपने को हम पूरा करेंगे।”
रोजगार और निवेश पर जोर:
CM ने कहा कि नीतीश कुमार के 1 करोड़ नौकरी-रोजगार के संकल्प को सरकार पूरा कर रही है। “20 नवंबर तक बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने की कोशिश है। बिजली उत्पादन बढ़ाएंगे, अधिक से अधिक निवेश लाएंगे।”
कौन-कौन रहा मौजूद:
कार्यक्रम में डिप्टी CM बिजेंद्र प्रसाद यादव, जदयू विधायक दल नेता श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, सांसद शंभू शरण पटेल, विधायक डॉ. सुनील कुमार, शीला कुमारी, जितेंद्र कुमार, सुरेंद्र मेहता, ललित कुमार मंडल, विधान पार्षद रीना यादव, CM के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, पटना आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, DM कुंदन कुमार, SP भारत सोनी समेत कई अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।
