शेखपुरा : सोनू कुमार श्री लखींद्र पासवान, अपर समाहर्ता शेखपुरा की अध्यक्षता में जिला समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला सांख्यिकी कार्यालय के तत्वावधान में ‘जीवनांक सांख्यिकी’ (Vital Statistics) को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जीवन प्रमाणीकरण में शुद्धता पर जोर कार्यशाला में संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जनहित से जुड़ा एक अति संवेदनशील दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी अपने स्तर से पूर्ण जांच और संतुष्टि के बाद ही प्रमाण पत्र निर्गत करें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी या लिपिकीय त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने कहा कि डेटा की शुद्धता ही पारदर्शी प्रशासन की पहचान है। ससमय निबंधन: जन्म और मृत्यु की घटनाओं का ससमय पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में उपस्थित कर्मियों को निबंधन की ऑनलाइन प्रक्रियाओं और नए नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।साथ ही डेटा एंट्री के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों और उनके सुधार की प्रक्रियाओं पर चर्चा हुई। उनके द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर निचले स्तर के कर्मियों को भी इस दिशा में जागरूक करें, ताकि आम जनता को प्रमाण पत्र बनवाने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिले के कई वरीय अधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे। अनुमंडल पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी नगर कार्यपालक पदाधिकारी। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जीवनांक सांख्यिकी से संबद्ध अन्य पदाधिकारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटरआदि थे।
