बिहार

बदलते मौसम की मार : मूसलाधार बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी

अररिया, रंजीत ठाकुर। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। दिन के करीब 11 बजे तेज आंधी, कड़कती बिजली और मूसलाधार बारिश ने खेत-खलिहानों में सूख रहे मक्का को पूरी तरह भिगो दिया। बारिश शुरू होते ही किसानों के बीच अफरा-तफरी मच गई और वे आनन-फानन में अपने-अपने मक्के को समेटने में जुट गए, लेकिन तेज बारिश के आगे उनकी कोशिश नाकाम साबित हुई।

बारिश के कारण खेतों और सड़कों पर पानी भर गया, वहीं खुले आसमान के नीचे सूख रहा मक्का भीग जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कई दिनों की मेहनत और उम्मीदों पर मौसम ने पानी फेर दिया है। किसान शंभू यादव, रामवृक्ष यादव एवं अशोक यादव ने बताया कि लगातार बदल रहे मौसम से मक्का की फसल को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि पहले तेज धूप से फसल प्रभावित हुई और अब अचानक हुई बारिश ने बची-खुची उम्मीद भी तोड़ दी। किसानों ने सरकार से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के बाद मौसम जरूर सुहावना हो गया, लेकिन किसानों के चेहरे पर नुकसान की चिंता साफ झलक रही है।

Related posts

राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की 118 वीं जयंती समारोह संपन्न हुआ

बिहार और पश्चिम बंगाल सहित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर पूरा

नेशनल हाईवे सुरक्षा के लिए 58 नई गश्ती गाड़ियों को सीएम ने दिखाई हरी झंडी

error: