पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमुख मीडिया इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना द्वारा आज दरभंगा जिला समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर परिसर में “हर घर तिरंगा” विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्ता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कौशल कुमार, जिलाधिकारी, दरभंगा; राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी); डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, साहित्यकार; लौकिक पारख, उप निदेशक, पीआईबी, पटना एवं आशीष अमन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के विभागीय कलाकार डॉ. शिप्रा एवं मनीष खंडेलवाल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके उपरांत “वतन के तिरंगे को झुकने ना देना” सहित देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए लौकिक पारख, उप निदेशक, पीआईबी, पटना ने “हर घर तिरंगा” अभियान की अवधारणा की चर्चा करते हुए उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने मीडिया से आह्वान किया कि वह अभियान के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
मुख्य अतिथि कौशल कुमार, जिलाधिकारी, दरभंगा ने पीआईबी द्वारा स्थानीय मीडिया के साथ संवाद स्थापित करने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान जनभागीदारी का एक सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोग अपने-अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि श्री राजेंद्र कुमार, कमांडेंट, सशस्त्र सीमा बल ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आन, बान और शान का प्रतीक है। सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए इसका महत्व और भी अधिक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी द्वारा इस वर्ष भी 9 से 17 अगस्त तक सभी सीमा चौकियों पर “हर घर तिरंगा” अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच तिरंगे का वितरण, जागरूकता कार्यक्रम एवं देशभक्ति आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं राष्ट्रहित में पत्रकारिता करने का भी आग्रह किया।
सम्मानित अतिथि डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने अपने संबोधन की शुरुआत मैथिली भाषा में करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा” सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का अभियान है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज में जनजागरूकता के सबसे प्रभावी माध्यम हैं और राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों को जन-आंदोलन बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिथिला की धरती से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा तथा यह हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
तकनीकी सत्र के दौरान पीआईबी, पटना के मीडिया एग्जीक्यूटिव श्री संदीप कपूर ने प्रजेंटेशन के माध्यम से पीआईबी की कार्यप्रणाली, मीडिया सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं फैक्ट चेक तंत्र पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान एक वन-टू-वन प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित पत्रकारों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर इस कार्यक्रम एवं हर घर तिरंगा विषय पर अपने प्रश्न पूछे। यह सत्र अत्यंत संवादात्मक एवं उपयोगी रहा। समापन सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यशाला के आयोजन, महत्व एवं उपयोगिता के संबंध में अपने विचार लिखित फीडबैक के रूप में पीआईबी को सौंपे। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री भानु कुमार झा ने किया। इस अवसर पर पीआईबी, पटना के सूचना सहायक श्री उत्पल कांत, श्री ज्ञान प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
