बिहार

गायघाट के मूक-बधिर बालिका विद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने उत्साह से लिया हिस्सा

पटना, (न्यूज़ क्राइम 24) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), पटना की ओर से राजकीय मूक-बधिर बालिका मध्य विद्यालय, गायघाट में ‘हर घर तिरंगा’ आधारित जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और सम्मान के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की सबसे छोटी छात्रा शुमैला फिरदौस रहीं। उन्हें विभाग का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र, पटना के निदेशक प्रभारी डॉ. राजेंद्र कुमार प्रवीण ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने ‘हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करें’ गीत प्रस्तुत कर बच्चों का मनोबल बढ़ाया। सीबीसी पटना के उपनिदेशक सह कार्यालय प्रमुख लौकिक पारख ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

वरिष्ठ लेखाधिकारी सीमा कुमारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग के सहायक निदेशक शशांक सिंह, उपनिदेशक भुवन कुमार और सहायक निदेशक नितीश कुमार ने भी विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ योगिता सिंह ने सांकेतिक भाषा के माध्यम से कार्यक्रम के संदेश को विद्यार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तिरंगा यात्रा और प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह-

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।

बच्चों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से संबंधित प्रेरणादायक वीडियो और भारतीय तिरंगे की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास एवं महत्व की जानकारी दी गई। अभियान को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से तिरंगे और देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया। साथ ही हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेकर ‘हर घर तिरंगा’ के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
विद्यार्थियों के लिए लूडो, कैरम, चित्रकला और नृत्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

जादू के शो ने बच्चों का किया मनोरंजन-

सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत जादूगर ए.के. सरकार ने जादू का शो प्रस्तुत किया, जिसे बच्चों ने खूब पसंद किया। वहीं छात्राओं ने तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति की भावना पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय प्रचार सहायक नवल किशोर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रचार सहायक प्रकाश कुमार सिंह ने किया। आयोजन में सीबीसी के हर्ष सिन्हा, गुरजीत कुमार सिन्हा और राकेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Related posts

वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍था : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्र प्रथम का दिया संदेश, सीएम ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकाला कैंडल मार्च

सबका सम्मान, जीवन आसान’ में शेखपुरा डीएम ने सुनीं 20 फरियादें, समयबद्ध निपटारे के दिए निर्देश

error: