अररिया(रंजीत ठाकुर): नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के फुलकाहा थाना अंतर्गत अटल चौक फुलकाहा स्थित सार्वजनिक बजरंगबली मंदिर से आज गुरुवार को रामनवमी के मौके पर रामलला की भव्य शोभायात्रा स्थानीय युवा कार्यकर्ताओं के द्वारा निकाली गई।यह शोभायात्रा फुलकाहा गांधी चौक से नया टोला होते हुए नवाबगंज स्थित चैत्र दुर्गा मंदिर के प्रांगण तक पहुंची जहां कुछ समाजसेवियों के द्वारा यात्रियों को शरबत पिलाकर स्वागत किया गया। शोभा यात्रा का नेतृत्व स्थानीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया।
हजारों की संख्या में महिलाऐं, छात्राएं एवं युवा तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हाथों में भगवा ध्वज थाम कर जय श्री राम के नारे लगाते हुए शामिल रहे,तो वहीं युवाओं का जोश चरम पर और महिलाओं का उत्साह देखने लायक था। श्री सीता और राम के बाल रूप एवं बजरंगबली का चित्रण झांकी में किया गया था, दर्जनों घुड़सवार शोभायात्रा में अपना प्रदर्शन दिखा रहे थे जो बहुत ही शोभायमान था।
कार्यक्रम में सुरक्षा की दृष्टि से फुलकाहा थाना अध्यक्ष नगीना कुमार स्वयं दल बल के साथ तत्पर दिखाई दे रहे थे। मौके पर जिला पार्षद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अररिया,श्रवण कुमार दास, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में राजा शर्मा, पवन गुप्ता, दीपक गुप्ता, राकेश गुप्ता,नवनीत यादव, राजा ठाकुर, राजा गुप्ता, करण ठाकुर एवंअन्य के साथ प्रतिनिधियों उपस्थित रहे। इस बाबत यात्रा में शामिल शिक्षक अरविंद कुमार ने कहा,” चैत्र नवरात्र में नवमी के दिन ही श्री राम लला बाल रूप में इस धरती पर अवतरित हुए थे। इस खुशी में हम लोग रामनवमी मनाते हैं”।
