पटनासिटी, (न्यूज़ क्राइम 24) श्री रानी सती दादी जी पटना ट्रस्ट, पटना सिटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय भादो वदी अमावस्या महोत्सव के प्रथम दिन श्री दादी जी मंदिर मार्ग, मिरचाई गली में भक्ति का माहौल देखने को मिला। “मतवाली मेहंदी दादी के हाथां रचगी”, “मां को याद ना आए” और “हमें तो झुंझुनू जाना जी” जैसे भजनों के साथ दादी जी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
महोत्सव के प्रथम दिन दादी जी का भव्य एवं आलौकिक श्रृंगार किया गया। कमलगट्टा एवं कमल पुष्पों से दादी जी का अभिषेक किया गया। इसके बाद भजन गायिका अंजू टेकरीवाल और अर्चना टिवडेवाल ने भजनों की रसधारा प्रवाहित कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
श्री नारायणी महिला मंडल, मंगल सखी एवं मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में दादी जी को मेहंदी अर्पित की गई। उर्मिला साह, तारा झुनझुनवाला, सुनैना झुनझुनवाला, राधिका चौधरी, अनीता झुनझुनवाला, मीणा पोद्दार, पूजा माखरिया एवं इंदु अग्रवाल ने दादी जी के दोनों हाथों में मेहंदी लगाई।
ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष प्रभात भरतिया, राजेश चौधरी, मनोज झुनझुनवाला, सुभाष झुनझुनवाला, सुनील बांका, डॉ. सुशील पोद्दार, अमित झुनझुनवाला, संजीव देवड़ा, ललित अग्रवाल, संजय छापड़िया, अमर झुनझुनवाला, श्रवण सुल्तानिया एवं सीताराम केड़िया सहित अन्य सदस्य सक्रिय रहे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रभात भरतिया ने बताया कि महोत्सव का मुख्य समारोह अगले दिन सुबह 6 बजे मंगला आरती के साथ शुरू होगा। दादी जी को गुलाब जल, इत्र एवं केसर से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद मंगला आरती और जात पूजा होगी, जिसमें पटना सिटी के मारवाड़ी परिवार पूरे परिवार के साथ शामिल होकर दादी जी की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात 501 महिलाओं द्वारा सामूहिक मंगल पाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कोलकाता की भजन गायिका रिया शर्मा के स्वर में मंगल पाठ होगा। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
