अररिया, रंजीत ठाकुर। अररिया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध वेबसाइट के माध्यम से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को सीसीयू (साइबर क्राइम यूनिट) पटना से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई। सूचना मिली थी कि “babartps.xyz” नामक अवैध वेबसाइट के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद साइबर थाना अररिया की टीम ने नरपतगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर वार्ड संख्या-06 में छापेमारी की। इस दौरान आरोपी साकिबुल्लाह उर्फ सहाबुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके संस्थान “आईडिया टेलर्स” में भी तलाशी ली।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक लैपटॉप, एक सीपीयू, एक आइरिस स्कैनर, फिंगर प्रिंट स्कैनर, वेब कैमरा, मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र एवं अन्य सरकारी दस्तावेज बरामद किए। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध वेबसाइट पर लॉगिन एक्सेस लेकर आम नागरिकों के नाम-पते का दुरुपयोग करता था। वह असली दस्तावेजों के क्यूआर कोड को एडिट कर फर्जी डेटा फीड करता था। इन जाली दस्तावेजों का उपयोग बैंक खाते खुलवाने, सरकारी योजनाओं का गलत तरीके से लाभ लेने तथा साइबर ठगी जैसी गतिविधियों में किया जा रहा था। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या-23/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट तथा आधार अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने निजी दस्तावेज केवल अधिकृत केंद्रों पर ही बनवाएं तथा किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
